आरबीआई की स्वायत्तता और स्वतंत्रता का सम्मान करती है सरकार: जेटली

आज कल मीडिया:

वित्त मंत्री ने कहा है कि सरकार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की स्वायत्तता और स्वतंत्रता का पूरा सम्मान करती है

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि सरकार भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की स्वायत्तता और स्वतंत्रता का पूरा सम्मान करती है। उन्होंने आगे कहा कि कर्ज तथा नकदी मुद्दों को उठाना केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता में दखल देना नहीं है।उन्होंने कहा, "अगर कोई संप्रभु सरकार देश में कर्ज और नकदी के मुद्दों को उठा रही है, तो इसे किस प्रकार से स्वायत्तता में दखल कहा जा सकता है।" वित्त मंत्री की ओर से यह बयान बतौर आरबीआई गवर्नर ऊर्जित पटेल के इस्तीफे के कुछ दिन बाद सामने आया है। माना जा रहा है कि केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता और स्वतंत्रता को लेकर सरकार के साथ मतभेदों के चलते ही ऊर्जित पटेल ने इस्तीफा दिया था।

जेटली ने कहा, "सरकार केंद्रीय बैंक की स्वायत्तता और स्वतंत्रता का सम्मान करती है।’ साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में चीजें बेहतर होंगी।"

इससे पहले आरबीआई के नए गवर्नर शक्तिकांत दास भी आरबीआई की स्वायत्तता पर अपनी बात रखी थी। उन्होंने कहा था, "मैं भारतीय रिजर्व बैंक की स्वायत्तता, अखंडता और विश्वसनीयता को कायम रखूंगा। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि यह बरकरार है। आरबीआई एक महान संस्था है, इसकी लंबी और समृद्ध विरासत है।"